अनूपपुर: चोरी का 3 टन कोयला जब्त, वाहन चालक गिरफ्तार, प्रकरण दर्ज
अनूपपुर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की भालूमाड़ा पुलिस ने सोमवार-मंगलवार रात तीन टन चोरी का कोयला जब्त किया है। इस दौरान एक मालवाहक वाहन को भी पकड़ा गया। पुलिस ने उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 49 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मालवाहक वाहन में चोरी का कोयला लोड कर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पयारी नंबर 02 में ठाकुर बाबा के पास नाकाबंदी की। जांच के दौरान पिकअप क्रमांक सीजी 10 बीके 0962 में अवैध कोयला पाया गया। जिसका वजन तीन टन है। अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने चालक 42वर्षीय संतोष कुमार चौधरी निवासी मुंडा, थाना जैतहरी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कोयला बिक्री के 49 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि यह राशि जब्त करने से पहले बेचे गए कोयले की है।
पुलिस ने जब्त वाहन को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया है। आरोपी संतोष कुमार चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
ज्ञात हो कि तीन दिन पहले 27 मार्च को भी भालूमाड़ा पुलिस ने एक ऑटो से सात क्विंटल चोरी का कोयला जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। यह कोयला आसपास के गांवों से गुजरने वाली मालगाड़ियों से चुराया जाता है। फिर ईंट भट्ठों या होटल संचालकों को बेच दिया जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

