अनूपपुर: बूचड़खाने ले जा रहे 3 मवेशी, वाहन सहित 3 तस्कर गिरफ्तार
अनूपपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के करणपठार थाना पुलिस ने सोमवार को मवेशी तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिकअप वाहन में भैंस और पड़वा को क्रूरतापूर्वक भरकर उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जा रहे थे। पुलिस ने वाहन से तीन मवेशी बरामद किए हैं। कार्रवाई में पिकअप और मवेशियों समेत कुल 6 लाख 20 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।
प्रभारी मंगल दुबे के अनुसार पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोहिला नदी करपा के पास पिकअप वाहन क्रमांक MP-18-GA-1340 में मवेशियों को भरकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने एसआई कमल किशोर चंद्रोल और एसआई धनेश्वर पटेल के साथ मौके पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तीन मवेशी बंधे मिले। पुलिस ने 5 लाख रुपए कीमत का पिकअप वाहन और 1 लाख 20 हजार रुपए कीमत के भैंस एवं पड़वा जब्त किए। कुल जब्त मशरूका की कीमत 6 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने चालक 40 वर्षीय अकबर अली पुत्र निजामुद्दीन निवासी गोहपारू, जिला शहडोल, सोनू चौधरी पिता हेतराम चौधरी, निवासी दादर, गोहपारू और गणेश यादव, निवासी शहडोल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश पशु परिरक्षण अधिनियम 1959 की धारा 6, 6क, 6ख, 9 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

