आगरमालवाः तीन बाइक चोर गिरफ्तार, पाँच मोटरसाईकिलें बरामद
आगरमालवा, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला अस्पताल परिसर से लगातार हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें एवं 2 मोटरसाइकिलों के कटे हुए चेसिस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 20 अगस्त 2026 को फरियादी सिद्धनाथ यादव निवासी ग्राम कजलास द्वारा कोतवाली पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि वह अपनी हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-70-एमई-0939 से जिला अस्पताल आया था। उसने मोटरसाइकिल अस्पताल परिसर में गेट के पास खड़ी की थी तथा कुछ समय बाद वापस आने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उसके द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। इसी प्रकार 21 अगस्त 2026 को फरियादी दीपक नट निवासी ग्राम सुमराखेड़ी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके जीजा की हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-44-एमटी-4496 जिला अस्पताल परिसर के टीनशेड के नीचे से चोरी हो गई।
पूछताछ में तीनों आरोपियों फैजान (20) पुत्र शाफिर निवासी मेवातीपुरा, फैजान (20) पुत्र सपू निवासी काशीबाई काॅलोनी, आवेश (18) पुत्र मोहम्मद हनीफ पठान निवासी लक्ष्मणपुरा सभी निवासी आगरमालवा से मोटरसाइकिल चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। आरोपियों की निशानदेही एवं कब्जे से कुल 5 चोरी की मोटरसाइकिलें एवं 2 मोटरसाइकिलों के कटे हुए चेसिस बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को जिला मुख्यालय के उज्जैन रोड स्थित आऊ माता कॉलोनी क्षेत्र में फैजान के प्लॉट पर बने टीनशेड में ले जाकर कटर आदि की मदद से काटते एवं उनके अलग-अलग हिस्से कर आगे बेचने का प्रयास करते थे।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से टीवीएस स्पोर्ट बाईक क्रमांक एमपी-13-डीपी-1871, तीन हीरो एचएफ डीलक्स, एक हीरो स्पलेण्डर के साथ ही दो मोटरसाईकिलों के चेसिस जप्त किये गये जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3,50,000/- (तीन लाख पचास हजार रूपये) का मश्रुका जप्त किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा यह बताया गया कि महंगे मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल एवं अपनी जीवनशैली को बनाए रखने के लिए वे मोटरसाइकिल चोरी करने लगे थे। चोरी की मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पुर्जे अलग-अलग करने एवं बेचने के माध्यम से आर्थिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया जाता था। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं, उनके संभावित साथियों तथा चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

