home page

फर्जी दस्तावेज बनाकर फसल बीमा के रूपये हड़पने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

 | 
फर्जी दस्तावेज बनाकर फसल बीमा के रूपये हड़पने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार


- सांसद अनुराग शर्मा की जमीन पर बीमा निकलने के बाद प्रकाश में आया था मामला

झांसी, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर फसल का बीमा दिलाने वाले तीन जालसाज आरोपितों को गरौठा और थाना प्रेमनगर पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कम्प्यूटर, सीपीयू ओर फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए हैं। जबकि इस पूरे मामले में करोड़ों का फर्जीवाड़ा करने वाला मास्टरमाइंड इफको टोकियो बीमा कम्पनी का जिले का अधिकारी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

पुलिस लाइन में प्रशिक्षु आईपीएस अरीमा नोमान ने पत्रकारों को बताया कि पिछले दिनों थाना प्रेमनगर और गरौठा थाना में सहायक कृषि निदेशक ने मुकदमा दर्ज कराया था कि किसान फसल बीमा हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर बीमा की धनराशि हड़पी जा रही है। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी। इस मामले को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने गंभीरता से लेकर निष्पक्ष जांच कर आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रकरण की विवेचना के दौरान इफको टोक्यो इंश्योरेंस कंपनी का कर्मचारी पारस नायक, जिसने जिला जालौन उरई के धरगुंवा निवासी भूपेंद्र राजपूत की मुलाकात इफको टोक्यो इंश्योरेंस कंपनी के जिला कॉर्डिनेटर मुकेश सिंह से कराई थी। तीनों मिलकर फर्जी तरीके से किसान बीमा फसल हड़पने के लिए दस्तावेज तैयार करते थे और किसानों का पैसा हड़पते लेते थे। जिसमें गरौठा पुलिस ने भूपेंद्र राजपूत और पारस नायक निवासी जिला जालौन डकोर को गिरफ्तार कर सीपीयू, कंप्यूटर, माउस, मॉनिटर बरामद कर लिए। वही प्रेमनगर पुलिस ने जिला जालौन के ऋतिक तिवारी उर्फ रानू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक यह तीनों किसानों के नाम पर फर्जी खतौनी तैयार कर नष्ट हुई फसल के बीमा की धनराशि हड़पते थे और आपस में बांट लेते थे। इस मामले का मास्टरमाइंड कंपनी का जिला कॉर्डिनेटर मुकेश कुमार सिंह अभी फरार चल रहा है।

प्रशिक्षु आईपीएस ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

उन्होंने बताया कि सांसद की जमीन पर बीमा निकलने के बाद मामला प्रकाश में आया था। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में पता चला है कि झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग शर्मा की जमीन की फर्जी खतौनी तैयार कर किसान फसल बीमा की धनराशि हड़पी थी। इसके बाद मामला प्रकाश में आने के बाद एग्रीकल्चर डिप्टी डायरेक्टर ने जांच की थी। जिसमें यह साबित हुआ था कि बीमा कंपनी के कर्मचारियों की मिली भगत से फर्जी दस्तावेजों पर फर्जी कूट रचित तरीके से बीमा की धनराशि हड़पी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया