दो किलो ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली से पहले नशे के खिलाफ अभियान में सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भक्ति नगर थाना और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त कार्रवाई में करीब दो किलो ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एमडी अली रमजान, शरीफुल इस्लाम और रबीउल मियां के रूप में हुई है। इनमें एमडी अली रमजान और शरीफुल इस्लाम मालदा के कालियाचक के निवासी हैं, जबकि रबीउल मियां बैष्णवनगर का रहने वाला बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पीसी मित्तल बस टर्मिनस इलाके में अभियान चलाया। इस दौरान तीनों युवक बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए मिले। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। एक आरोपित के बैग से एक किलो, जबकि अन्य दो आरोपितों के पास से क्रमशः 502 ग्राम और करीब 500 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। कुल बरामद मादक पदार्थ की मात्रा करीब दो किलो है।
जांचकर्ताओं का प्राथमिक अनुमान है कि त्योहार के मौसम में शहर में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की आपूर्ति करने के उद्देश्य से तीनों वहां पहुंचे थे। गिरफ्तार आरोपितों को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

