पुलिस विभाग के वेतन भुगतान में डेढ़ करोड़ की हेरा-फेरी के तीन आराेपित गिरफ्तार
जगदलपुर, 30 जून (हि.स.)। बस्तर जिला पुलिस विभाग में वेतन भुगतान में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की हेरा-फेरी के मामले में वेतन शाखा के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित ऑनलाइन वेतन ट्रांसफर के दौरान अपने और कुछ अन्य विभागीय कर्मचारियों के खातों में निर्धारित वेतन से कई गुना अधिक राशि स्थानांतरित कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह गड़बड़ी पिछले आठ से नौ महीनों से जारी थी। मामला विशेष ऑडिट सॉफ्टवेयर के जरिए सामने आया, जिसमें वेतन मद में भुगतान और वास्तविक राशि के बीच बड़ा अंतर पाया गया। इसके बाद खातों और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की गई, जिसमें करीब डेढ़ करोड़ रुपये की हेराफेरी का खुलासा हुआ। जांच में वेतन शाखा के तीन से अधिक कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अतिरिक्त राशि किन-किन खातों में भेजी गई और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।
बस्तर के पुलिस अधीक्षक सलभ सिन्हा ने आज मंगलवार काे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वेतन भुगतान के दौरान अधिक राशि का आहरण किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले में तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, और उनसे पूछ-ताछ की जा रही है। साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से संबंधित सॉफ्टवेयर और पूरी भुगतान प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

