home page

जांजगीर-चांपा में दाे लाख रुपये का गांजा जब्त, तस्करी करते तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
जांजगीर-चांपा में दाे लाख रुपये का गांजा जब्त, तस्करी करते तीन आरोपित गिरफ्तार


मुलमुला पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, 4.258 किलो गांजा के साथ दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त

जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर (हि. स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मुलमुला पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से 4.258 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दाे लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इसी दौरान थाना मुलमुला प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से गांजे की तस्करी और बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने टीम गठित कर बोरसी से कोसा जाने वाले मार्ग पर पुल के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने तीनों संदिग्धों को गांजे के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान गणेश अग्रवाल (45 वर्ष), निवासी बोरसी थाना मुलमुला, रामसागर कौशिक (53 वर्ष) और एस. कुमार दिवाकर (32 वर्ष), दोनों निवासी व्यासनगर थाना पामगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से कुल 4.258 किलोग्राम गांजा, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रितेष परमार, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन, प्रधान आरक्षक रूद्रनारायण कश्यप, अनिल अजगल्ले तथा आरक्षक मनोज रत्नेश, राजेश कश्यप, सनोहर जगत और मणीशंकर कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT