आठ ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो बदमाश गिरफ्तार
भागलपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने आठ ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो बदमाश को गिरफ्तार किया है। उक्त आशय की जानकारी मंगलवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।
सिटी एसपी ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 6 अप्रैल को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के परबत्ती इलाके में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम जब मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूमता नजर आया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से खदेड़ कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक अन्य आरोपी राजा गोस्वामी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राजा गोस्वामी द्वारा ब्राउन शुगर सप्लाई की जाती थी, जिसे विशाल कुमार आगे बेचता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

