सुपौल में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1297 बोतल विदेशी शराब के साथ कारोबारी गिरफ्तार
सुपौल, 22 मई (हि.स.)। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद एवं मद्यनिषेध विभाग को गुरुवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी।
सदर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान विभाग ने भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद करते हुए एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 353 लीटर से अधिक बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बलुवा पंचायत के पिपरा हरी वार्ड संख्या-13 में अवैध शराब की खेप छिपाकर रखी गई है।
सूचना के आधार पर उत्पाद एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बैरिया मंच के समीप इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान शिवजी कुमार यादव नामक कारोबारी को गिरफ्तार किया गया।छापेमारी में कुल 1297 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा करीब 353.640 लीटर बताई गई है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मद्यनिषेध अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी शराब कारोबार के मामले में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद भी वह अवैध शराब तस्करी में सक्रिय था। विभाग को उसकी गतिविधियों की लगातार जानकारी मिल रही थी, जिसके बाद विशेष रणनीति बनाकर यह कार्रवाई की गई।प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की खेप किशनपुर क्षेत्र से लाई गई थी और इसे जिले के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी थी। विभाग अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गया है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

