home page

पुलिस पर बालू माफियाओं के हमले मामले में बड़ी कार्रवाई ,28 गिरफ्तार, थाना प्रभारी निलंबित

 | 
पुलिस पर बालू माफियाओं के हमले मामले में बड़ी कार्रवाई ,28 गिरफ्तार, थाना प्रभारी निलंबित


नवादा,15 मई (हि.स.)।

जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन एवं पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने शुक्रवार को थाना प्रभारी आदित्य कुमार को कर्तव्यहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है। वही 28 बालू माफिया को गिरफ्तार कर भारी संख्या में वाहनों को भी जप्त किया।

पुलिस महानिरीक्षक विभाग विकास विभाग के निर्देश पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 28 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 20 मोटरसाइकिल, दो स्कॉर्पियो तथा एक ट्रैक्टर जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार नारदीगंज थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि मधुबन स्थित पंचाने नदी से अवैध बालू खनन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर पथरा-केशौरिया इलाके में छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान दो ट्रैक्टर अवैध बालू अनलोड कर भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी क्रम में पुलिस अवर निरीक्षक नरेंद्र कुमार ने ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया, तभी चालक ने जान मारने की नीयत से उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल पुलिस पदाधिकारी को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल नवादा भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

इस मामले में नारदीगंज थाना कांड संख्या 158/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों से थाना परिसर में सघन पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि किसी भी कीमत पर माफियाओं को मटिया मेट कर दिया जाएगा ।ताकि कोई गलत करने का साहस न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन