home page

कोचाधामन में 264.28 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार, वाहन जब्त

 | 
कोचाधामन में 264.28 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार, वाहन जब्त


किशनगंज, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले में शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोचाधामन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 264.28 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।

इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त एक टाटा नेक्सॉन कार को भी जब्त किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से एक वाहन के माध्यम से अवैध विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद चरधरिया चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान किशनगंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध काले रंग की टाटा नेक्सॉन कार (रजि. नं. BR37AB2668) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन से विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित कुल 264.28 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से 30,200 रुपये नकद तथा एक एप्पल मोबाइल फोन भी जब्त किया। इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 208/26, दिनांक 13.04.2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान रोहित चौधरी, पिता कैलाश चौधरी, वार्ड संख्या 23, थाना व जिला किशनगंज के रूप में हुई है। वहीं छोटू नामक एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार मामले में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है।तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की जांच कर उसे जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक गंगा गुप्ता, रवि रंजन, हिटलर कुमार, पीटीसी घवेन्द्र कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान और धनपुरा पिकेट के चालक शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह