home page

छह साल से फरार 25 हजार का इनामी अपराधी लखनऊ से गिरफ्तार

 | 
छह साल से फरार 25 हजार का इनामी अपराधी लखनऊ से गिरफ्तार


कानपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। साल 2020 से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी अपराधी को कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की पूर्वी जोन पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। शातिर फर्जी जमानत प्रकरण में वांछित था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी शिवा सिंह ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित शिवम शर्मा फर्जी जमानत के दस्तावेज तैयार कर न्यायालय को गुमराह करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी जमानत नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन सूचनाओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि फर्जी जमानत प्रकरण में अब तक करीब 80 आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि 22 अन्य संदिग्ध पुलिस की रडार पर हैं।

पुलिस के अनुसार शिवम शर्मा लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र के ऐशबाग, मिल रोड का रहने वाला है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2010 में जीआरपी कानपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में जेल गया था। आरोप है कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फर्जी एवं कूटरचित जमानत प्रपत्र तैयार कर उन्हें न्यायालय में असली दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया और जमानत हासिल कर ली। इस मामले में गैंगस्टर कोर्ट के लिपिक की तहरीर पर वर्ष 2020 में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कानपुर, आगरा, लखनऊ, जीआरपी कानपुर, जीआरपी झांसी और जीआरपी वाराणसी सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के लगभग तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसे जीआरपी कानपुर द्वारा हिस्ट्रीशीटर भी घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारियों के आधार पर फर्जी जमानत गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप