रिटायर्ड दरोगा के बेटे को गोली मारने वाला 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार
मुरादाबाद, 05 जून (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में लाइनपार पुलिस चौकी के सामने चार दिन पहले पीएसी के सेवानिवृत्त दरोगा धनीराम के बेटे विवेक कुमार उर्फ सोनू को गोली मारने वालों में शामिल रहे 25 हजार के इनामी मनीष को पुलिस ने गुरुवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधीक्षक नगर ने जिला अस्पताल में भर्ती घायल आरोपित से पूछताछ की। एसपी सिटी के अनुसार अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना सिविल लाइंस के कांशीराम नगर मऊ निवासी पीएसी से सेवानिवृत्त दरोगा धनीराम ने मझोला थाने में सोमवार की रात रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोमवार को उनके बेटे विवेक उर्फ सोनू के साथी आर्यन चौधरी का बुद्धि विहार गोल चक्कर पर नारियल के कारोबार को लेकर जीशान से विवाद हो गया था। सोमवार की रात यह लोग लाइन पार चौकी में समझौता करने गए थे। समझौता करने के बाद विवेक और उसके साथी आर्यन व अन्य लोग अपने अपने घर लौट रहे थे। रात करीब पौने नौ बजे पुलिस चौकी के सामने ही मझोला के बैंक कॉलोनी निवासी वरुण ठाकुर, दीपक, अंकित, मनीष, संतोष और अमन ठाकुर ने घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान विवेक के कंधे में गोली लगी और वह घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपित दिल्ली रोड की ओर भाग गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि पुलिस टीमें आरोपित की तलाश में जुटी थीं। गुरुवार रात सूचना मिली कि एक आरोपित मनीष नया मुरादाबाद में मौजूद हैं। पुलिस ने उसकी घेराबंदी की तो आरोपित ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र के टोडी वाजिदपुर निवासी मनीष को गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
आरोपित को गिरफ्तार करने वाली टीम थाना मझोला प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, सब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार, सतीश कुमार मोरल, अभिषेक बच्चस, हेड कांस्टेबिल दिनेश कुमार व प्रमोद कुमार शर्मा, कांस्टेबिल वीरेन्द्र सिंह शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

