home page

25 हजार का इनामी और नार्किंगपिन-56 में शामिल ड्रग सरगना समीर खां गिरफ्तार

 | 
25 हजार का इनामी और नार्किंगपिन-56 में शामिल ड्रग सरगना समीर खां गिरफ्तार


जयपुर, 25 जून (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मदमारुत’ के तहत कार्रवाई करते हुए राज्य के मोस्ट वांटेड ड्रग तस्करों की सूची नार्किंगपिन (NARKINGPIN)-56 में शामिल 25 हजार रुपए के इनामी अपराधी समीर खां को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।

एएनटीएफ पुलिस महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा तथा अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। गिरफ्तार आरोपित समीर खां (23) मूल रूप से बामन खेड़ी (रतलाम मध्य प्रदेश) तथा वर्तमान में दाऊद खेड़ी जिला मंदसौर का निवासी है। उस पर फलोदी पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि पांचवीं कक्षा तक पढ़ा समीर पहले मजदूरी करता था। अधिक धन कमाने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने की चाह में वह अपने एक रिश्तेदार के साथ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो गया। दोनों मध्यप्रदेश से राजस्थान तक नशे की खेप पहुंचाने का नेटवर्क संचालित करते थे।

वर्ष 2024 में फलोदी जिले के बाप थाना क्षेत्र में स्मैक तस्करी के एक मामले में पकड़े गए एजेंट ने पूछताछ में समीर और उसके रिश्तेदार का नाम उजागर किया था। इसके बाद से ही समीर फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए मजदूरी तथा ड्राइविंग का काम करने लगा। शातिर तस्कर तक पहुंचने के लिए एएनटीएफ ने बेहद सुनियोजित रणनीति अपनाई। टीम मंदसौर के मुल्तानपुरा स्थित स्लेट पेंसिल फैक्ट्री क्षेत्र में कारोबारी बनकर पहुंची और माल खरीदने के बहाने विभिन्न फैक्ट्रियों में जानकारी जुटाई। इसी दौरान एक फैक्ट्री संचालक ने बताया कि उनके यहां समीर नाम का चालक काम करता है, जो माल परिवहन का कार्य करता है, लेकिन वह उस दिन राजस्थान के ब्यावर में बारदाना भरने गया हुआ है। यह सूचना मिलते ही एएनटीएफ की दूसरी टीम ने ब्यावर अनाज मंडी में घेराबंदी कर दी। जांच के दौरान मध्य प्रदेश नंबर की एक पिकअप वाहन के पास बैठे दो युवकों में से एक की पहचान समीर खां के रूप में हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

आईजीपी विकास कुमार ने बताया कि एएनटीएफ अब तक मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े 67 बड़े फरार अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। समीर खां की गिरफ्तारी के साथ ही यह संख्या बढ़कर 68 हो गई है। उन्होंने बताया कि इस सफल कार्रवाई में शामिल टीम के सदस्यों को मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश