home page

नाली के विवाद में 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या

 | 
नाली के विवाद में 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या


नोएडा, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नोयडा में थाना सूरजपुर क्षेत्र के साकीपुर गांव में रहने वाले एक 25 वर्षीय युवा को आज तड़के उसके पड़ोसी ने गोली मार दी। इस घटना में उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक और आरोपित के बीच नाली की साफ- सफाई और कूड़ा डालने को लेकर विवाद था। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित फरार हो गया है । पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि 6 मई को सुबह के समय पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि साकीपुर गांव में रहने वाले एक व्यक्ति को गोली मारी गई है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि साजन उम्र करीब 25 वर्ष एक शादी समारोह में भाग लेकर आज सुबह को घर लौटा था। तभी उसके पड़ोसी मंगेश द्वारा साजन के ऊपर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोली चलाई गई। साजन को तीन गोली लगी। उसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस की चार टीमें गठित की गई है। इस घटना में शामिल आरोपितो की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना से साकीपुर गांव में तनाव है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी