home page

सरसेना हत्याकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
सरसेना हत्याकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार


पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस व बाइक बरामद

मऊ, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के सरसेना हत्याकांड में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। असलपुर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी रानीपुर भेजा गया।

सीओ मोहम्दाबाद जितेन्द्र कुमार ने बताया कि चिरैयाकोट थाना पुलिस और स्वाट टीम मुखबिर की सूचना पर असलपुर पुलिया के पास संदिग्धों की तलाश में घेराबंदी कर रही थी। इसी दौरान टीम को आरोपी दिखाई दिया। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस का दावा है कि आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज कुमार उर्फ टाइगर (27) पुत्र सोहनराम निवासी सराय धनेश, थाना दुल्लहपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त को ग्राम अमिरहा में बारात के दौरान गोलू कुमार, हंसराज उर्फ गोल्डी और अनीश कुमार के बीच मारपीट को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद 14 सितंबर को अनीश कुमार (22) अपने साथी गोल्डी के साथ मोटरसाइकिल से जलालाबाद से घर लौट रहा था। आरोप है कि सरसेना पेट्रोल पंप से आगे काझा की ओर पहले से घात लगाए आरोपियों ने दोनों को घेर लिया और अनीश को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

इस मामले में नीरज के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5), 103(1), आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(वी) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र