home page

बलरामपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 25 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, नाै साल से फरार आरोपित भी पकड़ा गया

 | 
बलरामपुर पुलिस का बड़ा अभियान: 25 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, नाै साल से फरार आरोपित भी पकड़ा गया


बलरामपुर, 08 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाकर 12 घंटे के भीतर 25 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक ऐसा आरोपित भी शामिल है जो पिछले 8-9 वर्षों से फरार चल रहा था। सभी गिरफ्तार वारंटियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (आईपीएस) के निर्देशन में लंबित स्थायी वारंटियों और गिरफ्तारी वारंटियों की तामिली के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में 8 मार्च 2026 को तड़के सुबह 3 बजे से जिले के सभी थाना और चौकी स्तर पर पुलिस टीमों का गठन कर विशेष कार्रवाई शुरू की गई।

अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना रामानुजगंज से सर्वाधिक 8 वारंटी पकड़े गए, जबकि कोतवाली बलरामपुर और शंकरगढ़ थाना से 5-5 वारंटी गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा कुसमी और पस्ता थाना से 2-2 वारंटी, रामचंद्रपुर थाना से 1 वारंटी तथा विजयनगर चौकी क्षेत्र से 2 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार कुल 25 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपित पिछले 8 से 9 वर्षों से फरार चल रहे थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी। लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिला झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमाओं से जुड़ा हुआ है, जिसके कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की संभावना बनी रहती है। ऐसे में जिले में लगातार एरिया डॉमिनेशन, गश्त और सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने थाना और चौकी क्षेत्रों में नशेड़ियों, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की भी जांच की। साथ ही बैंक, एटीएम, सर्राफा दुकानों, लॉज और ढाबों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर संचालकों को आवश्यक सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने निगरानी और माफी बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी भी ली और उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। बेवजह घूमने वाले, नशेड़ी और अन्य असामाजिक तत्व यदि किसी भी अनैतिक गतिविधि में शामिल पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय