home page

पुलिस की वर्दी पहनकर 24.90 लाख की लूट, तीन संदिग्ध हिरासत में

 | 
पुलिस की वर्दी पहनकर 24.90 लाख की लूट, तीन संदिग्ध हिरासत में


- ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी को कार में बैठाकर डेढ़ घंटे तक घुमाया, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिले अहम सुराग

झांसी, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी पहनकर आए बदमाशों ने ड्राई फ्रूट कारोबारी के मुंशी से 24.90 लाख रुपये लूट लिए। वारदात गुरुवार शाम करीब पांच बजे मिनर्वा चौराहे के पास हुई। बदमाश खुद को पुलिसकर्मी बताकर मुंशी और उसके साथी को काले रंग की क्रेटा कार में जबरन बैठाकर ले गए और करीब डेढ़ घंटे तक शहर में अलग-अलग स्थानों पर घुमाने के बाद कानपुर बाई पास पर उतारकर रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गुजरात के सूरत निवासी जितेंद्र पटेल ड्राई फ्रूट के कारोबारी हैं। उनके यहां कार्यरत मुंशी किशन पांचाल (30) अपने साथी किशन कुमार (25) के साथ झांसी के विभिन्न व्यापारियों से 24.90 लाख रुपये की वसूली कर स्कूटी से अपने फ्लैट लौट रहे थे। इसी दौरान मिनर्वा चौराहे के पास पुलिस की वर्दी पहने तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और जांच के बहाने कार में बैठा लिया।

पीड़ित किशन पांचाल के मुताबिक आरोपित उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक शहर के विभिन्न मार्गों पर घुमाते रहे। इसी दौरान रुपयों से भरा बैग छीन लिया और बाद में दोनों को शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर कानपुर बाईपास पर उतारकर फरार हो गए। घटना के बाद उन्होंने अपने मालिक को सूचना दी। मालिक के समझाने पर शुक्रवार को कोतवाली थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर शनिवार देर रात 02 बजे के बाद एफआईआर दर्ज की गई।

घटना की जांच के दौरान सीओ सिटी रामवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्ध क्रेटा कार दिखाई दी। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस उसके मालिक तक पहुंची और पूछताछ के बाद तीन संदिग्ध युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने रविवार को बताया कि मामले के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

-------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया