उज्जैन में पुणे और मुम्बई के बदमाशो से 25 पेटी सिगरेट,कार और नकदी जब्त
उज्जैन, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के दशहरा मैदान स्थित सिगरेट गोदाम में हुई लाखों रुपए के समान की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी की सिगरेट, नकदी और वारदात में उपयोग की गई कार बरामद की गई है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 31 लाख 35 हजार रुपये है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने गुरुवार को मीडिया को बताया कि 6-7 जून की दरमियानी रात दशहरा मैदान स्थित नेहरू पार्क के पास माहेश्वरी मार्केटिंग के परिसर में बने सिगरेट के गोदाम के मुख्य गेट का ताला तोडक़र अज्ञात बदमाशों ने अलग-अलग ब्रांड की करीब 25 पेटी सिगरेट लेकर भाग निकले थे। उक्त मामले मेें माधवनगर थाना पुलिस ने सौरभ पिता सुरेश माहेश्वरी, निवासी फ्रीगंज की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया था। वारदात के बाद पुलिस ने जांच के दौरान गोदाम और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों फुटेज खंगाली। घटना के दौरान क्षेत्र में दिखाई दिए संदिग्ध वाहनों और लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि बदमाशों ने नागझिरी थाना क्षेत्र और मंदसौर जिले के दलौदा थाना क्षेत्र से जो दो कार चोरी की थी, उनका ही उक्त उपयोग वारदात में किया था।
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान के भीलवाड़ा और चित्तौडग़ढ़ जिलों में दबिश दी। आरोपियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान 12 अगस्त को पुलिस को दोनों आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इस आधार पर टीम ने रामपाल उर्फ रामा पुत्र हरिराम चौधरी 32 वर्ष निवासी पाली राजस्थान जोकि वर्तमान में पुणे में रहता है और रेहान उर्फ राजा ठाकुर पुत्र आफताब शेख 51 वर्ष निवासी गोवंडी पूर्व मुंबई को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चोरी की वारदात कबूलगिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने उज्जैन के सिगरेट गोदाम को निशाना बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का माल और नकदी बरामद की। आरोपियों ने चोरी की सिगरेट का कुछ हिस्सा अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया था। बिक्री से मिली रकम में से 1 लाख 35 हजार रु. पुलिस ने बरामद किए हैं। इसके अलावा कार क्रं. एमएच 12 डब्ल्यू झेड 7053 भी जब्त की है। जिसकी कीमत 15 लाख रुपए है।
कई ब्रांड की सिगरेट बरामदपुलिस के मुताबिक बरामद सिगरेट में क्लासिक, क्लासिक कनेक्ट, क्लासिक आइकॉन, गोल्ड लेक प्रीमियम, गोल्ड लेक, स्टार प्रो, गोल्ड लेक अल्ट्रा स्मूथ और गोल्ड लेक किंग साइज सहित कई ब्रांड शामिल हैं। बरामद सिगरेट की कीमत करीब 15 लाख रु. आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने आरोपियों से 1 लाख 35 हजार रुपए नकद,15 लाख रुपए कीमत की सिगरेट और 15 लाख रुपए कीमत की कार बरामद की है।
पहले भी कर चुके है चोरी की वारदातपुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। उनके खिलाफ गुजरात के वलसाड जिले के उमरगांव थाना क्षेत्र में वर्ष-2023 में कार चोरी का मामला दर्ज है। इसके अलावा कर्नाटक के विजयपुर जिले के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में सिगरेट चोरी से संबंधित प्रकरण भी दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

