home page

रामगंगा के दो होटलों में पुलिस की छापेमारी, कई महिलाएं गिरफ्तार

 | 
रामगंगा के दो होटलों में पुलिस की छापेमारी, कई महिलाएं गिरफ्तार


रामगंगा के दो होटलों में पुलिस की छापेमारी, कई महिलाएं गिरफ्तार


कोलकाता, 15 सितंबर (हि.स.)।

सुंदरबन पुलिस जिले के अंतर्गत पाथरप्रतिमा थाना पुलिस ने रामगंगा इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए गत रात बीडीओ कार्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित ‘स्वीटी’ और ‘टाइटैनिक’ नामक दो आवासीय होटलों में छापेमारी की। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कई महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं को मंगलवार को काकद्वीप अदालत में पेश किया जा रहा है। वहीं, दोनों होटलों के मालिक, मैनेजर समेत अन्य लोगों की तलाश में पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन दोनों होटलों में लंबे समय से महिलाओं को ठहराकर कथित रूप से देह व्यापार या सेक्स रैकेट चलाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर पाथरप्रतिमा थाना पुलिस पिछले कुछ समय से पूरे मामले पर गुप्त रूप से नजर रख रही थी। आखिरकार, विशेष सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों होटलों में छापेमारी की और कई महिलाओं को गिरफ्तार किया।

पुलिस की कार्रवाई की खबर फैलते ही पाथरप्रतिमा ब्लॉक के भाजपा के कई स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान होटल के मैनेजर और कर्मचारियों के साथ भाजपा नेताओं की कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई और मारपीट में बदल गई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि होटल मालिकों के कथित गुर्गों ने उन पर हमला किया। हालांकि, इन आरोपों पर होटल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इधर, पुलिस की छापेमारी की जानकारी मिलते ही होटल का मैनेजर समेत कुछ लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

गौरतलब है कि पाथरप्रतिमा ब्लॉक के रामगंगा और पाथरप्रतिमा इलाके में कई आवासीय होटल हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि अधिकांश होटल नियमों के अनुसार रजिस्टर आदि का रखरखाव करते हुए कारोबार करते हैं, लेकिन ‘स्वीटी’ और ‘टाइटैनिक’ होटल को लेकर लंबे समय से तरह-तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत जताई है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों होटलों में वास्तव में किस तरह की गतिविधियां चल रही थीं और इस पूरे मामले में होटल मालिकों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच पाथरप्रतिमा थाना पुलिस कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा