नवादा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 391 लीटर महुआ शराब के साथ 23 गिरफ्तार
नवादा, 14 अक्टूबर (हि.स.)।नवादा जिले में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान महुआ और विदेशी शराब की बरामदगी के साथ अवैध कोयला लदा ट्रक तथा अन्य वाहन भी जब्त किए गए है। पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान 59,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला।
पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी सूचना के अनुसार पुलिस ने थाली थाना पुलिस ने अवैध कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया। इस मामले में थाली थाना कांड संख्या 384/26, दिनांक 13 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। वहीं, चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ अरविंद कुमार, पिता अमीरक राम, निवासी जेपी नगर, बकसौती, थाना थाली, जिला नवादा को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में थाली थाना कांड संख्या 217/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
इधर, परनाडाबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शिवपुर गांव से 300 लीटर महुआ शराब बरामद की। इस मामले में थाना कांड संख्या 216/26 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत कार्रवाई की गई।
हत्या के प्रयास और साइबर अपराध में भी गिरफ्तारी
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, गिरफ्तार 23 लोगों में हत्या के प्रयास के मामले में एक, साइबर अपराध के मामले में दो, मद्यनिषेध से जुड़े मामलों में चार तथा अन्य मामलों में 16 आरोपित शामिल हैं। अभियान के दौरान कुल 10 वारंटों का निष्पादन किया गया।
शराब बरामदगी में 391.25 लीटर महुआ शराब और 426.185 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अतिरिक्त दो मोटरसाइकिल, एक कार, एक ट्रक, 11 मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड, 13 बैंक पासबुक, एक डाटाशीट तथा 2.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
वाहन जांच के क्रम में कुल 276 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 59,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी, शराब तस्करी पर रोक और यातायात नियमों के पालन को लेकर अभियान जारी रखने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

