वाराणसी जोन में 23 दिन में 25 इनामी बदमाश गिरफ्तार, चंदौली का प्रदर्शन सबसे बेहतर
वाराणसी,22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जाेन में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) जोन नवीन अरोरा के निर्देश पर 29 जुलाई से 20 अगस्त तक चले अभियान में जोन के विभिन्न जनपदों से 25 पुरस्कार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 50 हजार रुपये के सात, 25 हजार रुपये के 16 और 10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश शामिल हैं।
अभियान में चंदौली पुलिस का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। चंदौली पुलिस ने अकेले 11 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर जोन में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके अलावा मीरजापुर और भदोही में तीन-तीन, जबकि गाजीपुर, जौनपुर, सोनभद्र और आजमगढ़ में दो-दो इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हुई। गिरफ्तार अपराधी लूट, डकैती, हत्या, फिरौती के लिए अपहरण, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट, गो-तस्करी, शराब तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और चोरी समेत कई गंभीर अपराधों में वांछित थे।
इस अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को चंदौली के अलीनगर में 25 हजार रुपये के इनामी दयाशंकर की गिरफ्तारी से हुई। इसके बाद पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए गो-तस्कर रामबाबू यादव, मादक पदार्थ तस्कर संतोष उपाध्याय, लुटेरे आकाश यादव, विजय, संजय बिंद, राजू मूसहर, अरबाज नट, शराब तस्कर कपिलदेव वर्मा, दुष्कर्म के आरोपी गुलाब उर्फ संजय चौबे, लुटेरे राजू पथरकट, गैंगस्टर उजाला पांडेय, विशाल निषाद, बेताब आलम और 50 हजार रुपये के इनामी फिरौती के लिए अपहरण के आरोपी दिलीप कुमार कुशवाहा समेत कुल 25 अपराधियों को गिरफ्तार किया।
अभियान की सफलता पर एडीजी जोन नवीन अरोरा ने एसपी चंदौली और उनकी पूरी टीम को विशेष बधाई दी। उन्होंने अधिकारियों को पुरस्कार घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
एडीजी ने कहा कि वाराणसी जोन में पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य वांछित और इनामी अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए जोन में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

