नवादा के होटल में छापेमारी, 224 लीटर बियर बरामद, तीन गिरफ्तार
नवादा,30 सितंबर (हि.स.)।नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ बुधवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राजगीर रोड स्थित एक होटल में छापेमारी कर पुलिस ने 224.680 लीटर बीयर बरामद की है। मौके से होटल संचालक पिंटू साहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बरामद शराब के मामले में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घर के रसोई होटल में हुई छापेमारी
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कहरिया गांव के समीप स्थित ‘घर के रसोई होटल’ में छापेमारी की। पुलिस के अचानक पहुंचने से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गयी। इसके बाद पुलिस ने होटल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 224.680 लीटर बीयर बरामद हुई. पुलिस को मौके से कुछ खाली देशी शराब की बोतलें भी मिली हैं।
बरामद बीयर को जब्त करने के साथ पुलिस ने होटल संचालक पिंटू साहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से बरामद शराब के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बीयर कहां से लायी गयी थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार को सूचना मिली थी कि राजगीर रोड के आसपास एक होटल में अवैध तरीके से बीयर का भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष ने मामले की जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम में एसआइ परदेसी कुमार के साथ संजीव राय, उमेश राय और अभिमन्यु शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

