भपटियाही थाना क्षेत्र में 216 लीटर नेपाली शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 11 सितंबर (हि.स.)। शराब तस्करी के खिलाफ सुपौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भपटियाही थाना क्षेत्र से 216 लीटर नेपाली शराब बरामद की है।
पुलिस ने शराब परिवहन में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से शराब ढोने में प्रयुक्त एक नाव और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को भपटियाही थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोसी नदी के रास्ते नाव के माध्यम से बड़ी खेप में अवैध नेपाली शराब लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को जानकारी देते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने ग्राम चिकनी के समीप कोसी नदी तट पर छापेमारी की। इस दौरान नाव के जरिए शराब का परिवहन कर रहे दो तस्करों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान 216 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब के अलावा एक नाव और दो मोबाइल फोन भी विधिवत जब्त किए।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अरुण मुखिया (करीब 41 वर्ष), पिता सुखदेव मुखिया, ग्राम-गड़िया, वार्ड नंबर-10, थाना भपटियाही तथा संतोष कुमार ठाकुर (करीब 31 वर्ष), पिता सूर्य नारायण ठाकुर, ग्राम-मुरली, वार्ड नंबर-01, थाना भपटियाही के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। शराब के स्रोत तथा इसके गंतव्य और पूरी आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए अनुसंधान जारी है। मामले में भपटियाही थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

