जालोर के नशा मुक्ति केंद्र से 21 मरीज फरार
जालोर, 20 मई (हि.स.)। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित भीनमाल रोड पर संचालित एक नशा मुक्ति केंद्र में बुधवार को मरीजों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया और वहां से फरार हो गए। घटना में दो कर्मचारी घायल हुए हैं, जिनमें एक के सिर में टांके आए हैं तथा पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना मां करणी कृपा सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र में सुबह प्रार्थना सभा के दौरान हुई। जब मरीजों को आरती और प्रार्थना के लिए बाहर लाया जा रहा था, तभी कुछ मरीजों ने कथित रूप से पहले से बनाई गई योजना के तहत केंद्र के कर्मचारी विनोद कुमार पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले में विनोद कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी और हाथ-पैरों पर भी वार किए गए।
इसके बाद मरीजों ने केंद्र के दूसरे कर्मचारी चुनसिंह भाटी के साथ भी मारपीट की और उससे मुख्य गेट की चाबी छीन ली। गेट खोलने के बाद करीब 21 मरीज केंद्र से फरार हो गए।
घटना के दौरान मरीजों ने केंद्र का मेन बिजली स्विच भी बंद कर दिया, जिससे वहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम करना बंद कर गए। हमले के बाद केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार विनोद कुमार के सिर में दो टांके लगाए गए हैं और पैर में दो जगह फ्रैक्चर पाया गया है। चुनसिंह भाटी को भी चोटें आई हैं।
कोतवाली थाने के हेड कॉन्स्टेबल मोहनलाल ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र संचालक स्वरूप सिंह चारण की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार मरीजों की तलाश की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

