अनूपपुर: छत्तीसगढ़ ले जा रहे तीन वाहनो से 21 मवेशी को कराया मुक्त, वाहन छोड़ भागे तस्कर
अनूपपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर की कोतमा पुलिस ने शुक्रवार की शाम केवई रपटा पुलिया के पास कार्रवाई कर तीन पिकअप वाहनों से 21 मवेशियों को मुक्त कराया। पुलिस के अनुसार मवेशियों को छत्तीसगढ़ के स्लाटर हाउस ले जाया जा रहा था। नाकेबंदी के दौरान चालक वाहन छोड़कर भाग गए। पुलिस ने तीनों पिकअप वाहनों और मवेशियों समेत करीब 40.50 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।
थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पिकअप में मवेशियों को बांधकर छत्तीसगढ़ ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने केवई रपटा पुलिया के पास नाकेबंदी की। कुछ देर बाद तीन पिकअप तेज रफ्तार से आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालकों ने वाहन कुछ दूरी पर खड़े कर दिए और मौके से भाग निकले। पुलिस ने तीनों वाहनों की तलाशी में 7-7 मवेशी मिले। इनमें 13 भैंस (पड़ा) और 8 भैंसी शामिल हैं। मवेशियों को जिस तरह बांधा गया था, उसमें चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी।
30 लाख के वाहन, 10.50 लाख के मवेशी
जब्त किए गए वाहनों में पिकअप क्रमांक एमपी 65 जेडजी 2280, बिना नंबर का वाहन और एमपी 65 जेड 4094 शामिल हैं। तीनों की अनुमानित कीमत 30 लाख रुपए बताई गई है। वहीं, 21 मवेशियों की कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। कुल जब्ती करीब 40 लाख 50 हजार रुपए की है।
अज्ञात तस्करों पर केस, तलाश जारी
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों और तस्करों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में लालजी श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक संजीव त्रिपाठी, ऋषि पासी और चालक आरक्षक अनिल मरावी शामिल रहे।
इसी महीने करीब 150 मवेशी मुक्त कराए
पुलिस के अनुसार इस महीने जैतहरी, वेंकटनगर और कोतमा पुलिस की कार्रवाई में करीब 150 मवेशियों को तस्करी से मुक्त कराया जा चुका है। जैतहरी में एक ही रात चार अलग-अलग बाड़ों से 96 मवेशियों को मुक्त कराया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

