home page

नवादा के रजौली चेकपोस्ट पर 17 घंटे का छापा, 20 ट्रक जब्त;

 | 
नवादा के रजौली चेकपोस्ट पर 17 घंटे का छापा, 20 ट्रक जब्त;


नवादा, 12 अप्रैल (हि.स.)।पटना-रांची रोड एनएच-20 पर स्थित रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली समेकित जांच चौकी पर रविवार को जीएसटी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 घंटे तक विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान पटना से पहुंचे जीएसटी विभाग के वरीय अधिकारियों की टीम ने कुल 20 ट्रकों को जब्त कर लिया।

जब्त किए गए ट्रकों में अधिकांश में कोयला लदा हुआ था, जबकि अन्य ट्रकों में लोहा सहित विभिन्न प्रकार की सामग्री लदी पाई गई। अधिकारियों ने रविवार को तीसरे पर पत्रकारों की जानकारी दी।

बताया जाता है कि यह विशेष अभियान देर रात से शुरू होकर लगातार 17 घंटे तक चला, जिसमें जांच के दौरान कई ट्रकों के कागजातों में गड़बड़ी और कर से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। कार्रवाई के बाद ट्रक चालकों और वाहन मालिकों के बीच हड़कंप मच गया। खासकर वे चालक और मालिक जो अवैध तरीके से चेकपोस्ट पार करने की कोशिश करते हैं, उनमें दहशत का माहौल देखा जा रहा है।

इससे दो दिन पहले ही नवादा खनन विभाग की टीम ने भी कार्रवाई करते हुए कोयला लदे पांच ओवरलोड ट्रकों को जब्त किया था। उस कार्रवाई में लगभग 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। लगातार हो रही इस तरह की सख्त कार्रवाई से बिहार-झारखंड की सीमा से सटे चेकपोस्टों पर भी हलचल तेज हो गई है।

इस संबंध में जिला विभाग के अधिकारी रवनीश कुमार ने बताया कि कर चोरी और अवैध परिवहन को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह की जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन