2018 से फरार उद्घोषित अपराधी जींद से गिरफ्तार
नाहन, 03 अगस्त (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस की पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल ने वर्ष 2018 से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को हरियाणा के जींद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना माजरा में वर्ष 2018 में दर्ज एफआईआर संख्या 5/2018 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 337 से संबंधित मामले में वांछित उद्घोषित अपराधी राजेश शर्मा पुत्र स्वर्गीय मोहिंदर पाल, निवासी सुनरा वाली गली, नरवाना, जिला जींद (हरियाणा), लंबे समय से फरार चल रहा था।
सिरमौर पुलिस की पीओ सेल ने लगातार निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया तथा जींद में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना माजरा में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
सिरमौर पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

