home page

एक महिला सहित 5 लोग गिरफ्तार, 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

 | 
एक महिला सहित 5 लोग गिरफ्तार, 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद


भागलपुर, 02 मार्च (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के अंतरजिला नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने पत्रकार वार्ता कर सोमवार को पूरे मामले की जानकारी दी।

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस की स्पेशल टीम ने कोतवाली बायपास और लालमटिया थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान कुल 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम का गठन किया गया था। सूचना थी कि कोतवाली बायपास इलाके में ब्राउन शुगर की डिलीवरी होने वाली है।

टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह शहर में लंबे समय से सक्रिय था और युवाओं को निशाना बनाकर नशे की सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। वहीं दूसरी ओर लालमटिया थाना क्षेत्र में स्पेशल टीम ने अलग कार्रवाई करते हुए अमित कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 10.29 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से इलाके में नशे की छोटी-छोटी खेप सप्लाई कर रहा था। पुलिस को उसकी गतिविधियों पर पहले से नजर थी। जैसे ही पुख्ता सूचना मिली, टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह खेप कहां से लाता था और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। वहीं कोतवाली बायपास ब्राउन शुगर मामले में पुलिस ने अभिषेक, गौरव समेत एक महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। यह सभी कोतवाली और लालमटिया थाना क्षेत्र से पकड़े गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह गिरोह संगठित तरीके से शहर में नशे का कारोबार कर रहा था। गिरफ्तार सभी आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।क्षसिटी एसपी ने कहा कि भागलपुर में नशा कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर