home page

तीन साल से फरार 20 हजार का इनामी गिरफ्तार

 | 
तीन साल से फरार 20 हजार का इनामी गिरफ्तार


कानपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। बर्रा थाना क्षेत्र में राशन कार्ड बनवाने के बहाने एक कोटेदार को घर बुलाकर महिला के साथ आपत्तिजनक फोटो खींचने और फिर बदनाम करने व जेल भिजवाने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपये वसूलने के मामले में तीन साल से फरार 20 हजार रुपये के इनामी आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने सोमवार को बताया कि वर्ष 2023 के इस मामले में फरार चल रहे अजय प्रजापति की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बर्रा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे पनकी स्थित नारायना मेडिकल कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया है। अन्य तीन आरोपितों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

मामला 14 दिसंबर 2023 का है। बाबूपुरवा थाना क्षेत्र निवासी राजीव कुमार की यशोदा नगर इलाके में राशन की दुकान है। राजीव के मुताबिक, उन्हें सोनाली अवस्थी नाम की महिला ने फोन कर खुद को राशन कार्ड बनवाने की जरूरतमंद बताते हुए संपर्क किया था। उन्होंने महिला से राशन कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेजों की प्रतियां भेजने को कहा।

पीड़ित के अनुसार, महिला ने दस्तावेज भेजने के बजाय अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कही और उनसे घर आकर कागजात लेने का आग्रह किया। महिला की बात पर विश्वास कर राजीव उसके बताए पते पर पहुंच गए। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद महिला ने उन्हें अंदर बैठने के लिए कहा और कागजात लाने के बहाने कमरे के अंदर चली गई।

राजीव का आरोप है कि इसके बाद महिला ने साजिश के तहत अपने कपड़े उतार दिए और वहां मौजूद तीन अन्य लोगों ने उनके साथ उसकी आपत्तिजनक फोटो खींच ली। इनमें से एक व्यक्ति कथित तौर पर पुलिस दारोगा की वर्दी पहने हुए था। इसके बाद आरोपितों ने तमंचा दिखाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपितों ने आपत्तिजनक फोटो के जरिए उन्हें बदनाम करने और जेल भिजवाने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की। जान और प्रतिष्ठा के डर से उन्होंने आरोपितों को डेढ़ लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी आरोपित शेष साढ़े तीन लाख रुपये की मांग करते रहे और विरोध करने पर हत्या की धमकी दी।

घटना के बाद पीड़ित ने पत्नी और परिचितों को पूरी जानकारी दी। अगले दिन आरोपित कथित रूप से लूटे गए मोबाइल फोन से कॉल कर लगातार रुपये की मांग करने लगे। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर बर्रा थाने में लूट, रंगदारी, धमकी और साजिश समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में उपेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बाबा, सोनाली अवस्थी और शैलेंद्र सिंह उर्फ अमित को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं अजय प्रजापति निवासी न्यू अशोक नगर, कल्याणपुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप