कोचिंग जाने निकली 20 वर्षीय युवती लापता, अपहरण की आशंका में प्राथमिकी दर्ज
किशनगंज, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती की मां ने अपहरण की आशंका जताते हुए दो लोगों के खिलाफ शनिवार को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पिंकी कुमारी बीते 7 अक्टूबर को घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिला।परिजनों ने आशंका जताई है कि शादी की नीयत से युवती को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया है। इस मामले में दो लोगों को आरोपित किया गया है। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि लापता युवती की बरामदगी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

