कानपुर पुलिस ने 20 हजार के इनामी को लखनऊ से दबोचा
कानपुर, 29 मई (हि.स.)। थाना जाजमऊ पुलिस और सर्विलांस टीम ने हत्या के प्रयास, रंगदारी और बलवा के मामले में वांछित चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी आरोपित मो. मेराजुल हसन को लखनऊ के चारबाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपित करीब ढाई वर्ष से फरार चल रहा था।
एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने शुक्रवार को बताया कि वर्ष 2023 में जाजमऊ थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे में आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास, उगाही, बलवा और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। शातिर अपराधी मूल रूप से कर्नलगंज थाना क्षेत्र का निवासी और उसके खिलाफ अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना पर जाजमऊ पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपित को चारबाग स्थित मुसलिम मुसाफिरखाना के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
वहीं आरोपित मेराजुल हसन ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि जिस घटना के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया, उस दिन वह बीमार था। उसका कहना है कि कुछ कारोबारियों से पैसों का लेनदेन था और उसी रंजिश में उसे फंसाया गया है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

