home page

प्रतापगंज में 20 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त

 | 
प्रतापगंज में 20 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त


सुपौल, 28 जुलाई (हि.स.)। बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच प्रतापगंज थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 लीटर देशी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

यह कार्रवाई प्रतापगंज थाना क्षेत्र के तेकुना पंचायत अंतर्गत इमामपट्टी में चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच अभियान तेज किया।जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से 20 लीटर देशी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपिताें में ठेकुआ पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी सूरज कुमार और मनोज कुमार है। पुलिस दोनों को थाना लाकर पूछताछ कर रही है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही शराब की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।

प्रतापगंज थाना पुलिस ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपिताें को न्यायिक हिरासत में सुपौल जेल भेजा जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और उसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि शराबबंदी कानून का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र