home page

ड्रोन से पहचान के बाद घेराबंदी कर 20 साइबर ठग गिरफ्तार, 17 फरार

 | 
ड्रोन से पहचान के बाद घेराबंदी कर 20 साइबर ठग गिरफ्तार, 17 फरार


कानपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भोले-भाले लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का फिल्मी अंदाज में भंडाफोड़ किया और मौके से 20 ठगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य 17 फरार हो गए जिनकी तलाश जारी है। रेउना थाना क्षेत्र में पुलिस ने पहले ड्रोन की मदद से संदिग्धों को चिन्हित किया और फिर घेराबंदी कर आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी। इसके बाद एक-एक कर सभी आरोपितों को दबोच लिया गया। पकड़े गए शातिरों से पूछताछ जारी है।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि बीते काफी समय से पुलिस को सूचना मिल रही थी कि रेउना थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़े पैमाने पर साइबर ठगी का गोरखधंधा बड़े ही तेजी से फल-फूल रहा है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों सहित कर्नाटक, दिल्ली, झारखंड, उड़ीसा, बिहार, हरियाणा जैसे राज्यों में लोगों को ठगी का शिकार बना चुका है।

इन्हें पकड़ने के लिए एडीसीपी सुमित सुधाकर रामटेके को टास्क सौंपा गया। सर्विलांस टीम और क्राइम ब्रांच के साथ-साथ साइबर टीम के अलावा घाटमपुर, सजेती सांढ़ और रेउना थाना थाना पुलिस समेत डेढ़ दर्जन गाड़ियों से करीब छह दर्जन पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे सबसे पहले ड्रोन के जरिये शातिरों को चिन्हित किया गया। इसके बाद बारी-बारी से 20 को गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए शातिरों ने बताया कि रोज प्रत्येक लाेग 50 से 60 कॉल करते थे। जिनमें से 5-6 लोग इनके झांसे में आ जाते थे। यह साइबर ठग फर्जी कस्टमर केयर, हेल्पलाइन, बैंक, गैस, बिजली विभाग, इंश्योरेंस पॉलिसी के लिए फर्जी कॉल और ऑनलाइन नौकरी लॉटरी या गिफ्ट का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

पुलिस को मौके से 16 स्मार्टफोन, चार कीपैड फोन, 12 फर्जी आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड और 4,480 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पकड़े गए शातिर

राहुल कुमार, नीरज कुमार, प्रदीप सिंह, सत्येंद्र, नीरज कुमार, प्रांशु, जगरूप, रोहित कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, अजीत कुमार, कुलदीप, नरेश उर्फ विश्वनाथ, ज्ञान प्रकाश यादव, रोमी, नीरज, शैलेंद्र कुमार, नीरज कुमार, मलखान, शिवाकांत और पारस के रूप में हुई।

फरार हुए शातिर

विजय, भोला, मधुर, दीपू उर्फ दरोगा, टाइगर उर्फ जितेंद्र, सोहित, मलखान, खुशवंती, प्रदुमन, शोभन, पंकज, अनिरुद्ध, अशोक, सर्वेश, दीपक और दिलीप है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप