सरयू नदी में छोटे भाई को बचाने के प्रयास में दो सगी बहनें डूबीं, तलाश जारी
मऊ, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मऊ के मधुबन थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव के पास सरयू नदी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। छाेटे भाई काे बचाने के चक्कर में दो सगी बहनों के डूबने की आशंका है। बताया जा रहा है कि परिवार में अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, पहले घर का छोटा भाई नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में जाने लगा और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए छोटी बहन ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन इस दौरान वह खुद तेज धारा में बहने लगी।
छोटी बहन को डूबता देख बड़ी बहन भी उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई, लेकिन वह भी तेज बहाव का शिकार हो गई। इस तरह एक के बाद एक दोनों सगी बहनें नदी की धारा में लापता हो गईं, जबकि छोटा भाई किसी तरह सुरक्षित बच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि दोनों बहनों की तलाश लगातार जारी है, लेकिन नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू में कठिनाई आ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र

