ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा : 25 हजार के ईनामी समेत दो गिरफ्तार
झांसी, 27 मई (हि.स.)।
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के ईनामी समेत उसके एक साथी को थाना नवाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और एक कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि, 28 अप्रैल को थाना नवाबाद पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के आरोप में शुभम उपाध्याय सहित उसके सात साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले की जांच के दौरान प्रेमनगर नगरा निवासी धर्मेंद्र साहू, वाराणसी के अस्सी घाट निवासी हर्ष साहू, मध्य प्रदेश के दतिया निवासी निशांत यादव उर्फ रोलेक्स, बबीना के बेड़ौरा निवासी अंकित यादव, नीलेश यादव, कुलदीप, बबीना के डुबकी निवासी अभिषेक यादव, भगवन्तपुरा निवासी सत्येंद्र यादव तथा ग्राम मैरी निवासी शिवा यादव फरार चल रहे थे।
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत नवाबाद थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुस्तरा जाने वाले मार्ग के कच्चे रास्ते पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कार सवार शिवा यादव और सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह बताया कि पुलिस ने आरोपितों के पास से 10 हजार 800 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन तथा एक कार बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों सत्येंद्र यादव पर एसएसपी द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

