करीब 1 लाख रुपये की स्मैक व बुलेट के साथ 2 नेपाली तस्कर गिरफ्तार
खीरी में पुलिस व एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई से पकड़े गए तस्कर
लखीमपुर खीरी, 19 अगस्त (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तिकुनिया पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने रननगर क्षेत्र से दो नेपाली तस्करों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 1 लाख रुपये कीमत की 9.550 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम और तस्करों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत तिकुनिया पुलिस व सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम 18 अगस्त काे सीमावर्ती इलाकों में गश्त पर थी। गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने थाना तिकुनिया से करीब 9 किलोमीटर उत्तर दिशा में स्थित ग्राम रननगर (प्रकाश की दुकान के पास) घेराबंदी की।
शाम करीब 5:37 बजे पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में बुलेट मोटर साइकिल से आ रहे दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 9.550 ग्राम अवैध स्मैक (ब्राउन पाउडर) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दिल्ली नंबर की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल (नंबर- DL4SDM6203) को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मोतीराम बजगई (30 वर्ष) पुत्र बिसाखा जोशी तथा खडक बिष्ट (27 वर्ष) पुत्र पदम बिष्ट, निवासी ग्राम व थाना लमकीचुनहा, जनपद कैलाली, नेपाल राष्ट्र के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना तिकुनिया पर अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 124/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

