पूर्व ब्लाक प्रमुख व उनके बेटों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में दो और आरोपित गिरफ्तार, गए जेल
मुरादाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के थाना भगतपुर क्षेत्र के ग्राम सिरस्वां हरचंद के चौराहे पर बीते रविवार रात्रि बाइक से घर लौट रहे राजेश कुमार पर पूर्व ब्लाक प्रमुख, उनके बेटों समेत कुछ हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में सात आरोपितों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस पूर्व में तीन आरोपितों को जेल भेज चुकी है। शुक्रवार को दो आरोपितों सुनील यादव व दुष्यंत यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया गया।
पूर्व में राजेश कुमार ने थाना नागफनी में आरोपित पक्ष के दस नामजद व कुछ अज्ञात के विरुद्ध फर्जी तरीके से ट्रस्ट बनाकर सिरस्वां हरचंद स्थित एक शिक्षण संस्थान को हड़पने व जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिससे आरोपित पक्ष उनसे रंजिश रख रहा था।
आरोप है कि रविवार को राजेश कुमार मुरादाबाद से रात्रि में बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे तभी थाना भगतपुर क्षेत्र के सिरस्वां हरचंद के चौराहे पर हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस संबंध में राजेश कुमार की तहरीर के आधार पर पूर्व ब्लाक प्रमुख पूरन सिंह एवं उनके पुत्र आकाश यादव एवं विशाल यादव, अमित यादव, राजेंद्र सिंह, सुनील यादव, दुष्यंत यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपित आकाश यादव को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने पूरन सिंह व राजेंद्र सिंह को जेल भेजा, इसी कड़ी में आज शाम पकड़े गए दो अन्य आरोपितों सुनील यादव व दुष्यंत यादव को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

