सुपौल में मवेशी कारोबारियों से दो लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा, एक बदमाश गिरफ्तार
सुपौल, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के जदिया थाना क्षेत्र के एनएच-327ई स्थित पाण्डेपट्टी पंप के समीप मवेशी कारोबारियों से करीब दो लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और लूटी गई रकम में से 13,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।गिरफ्तार आरोपित अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत छर्रापट्टी वार्ड संख्या-9 निवासी मोहम्मद सहाबुद्दीन (पिता- नसरुद्दीन) है।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फरार अन्य बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।जानकारी के अनुसार, बुधवार को अररिया जिले के बंगामा वार्ड संख्या-1 निवासी मवेशी कारोबारी मोहम्मद अनवर हुसैन और मोहम्मद आलम अपनी पिकअप वैन (बीआर11जीएफ-0494) से सुपौल और सिंघेश्वर हाट मवेशी खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान पाण्डेपट्टी पंप के पास हथियारबंद बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और हथियार के बल पर करीब दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार, कारतूस और नकदी बरामद की गई।अ
नुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। उसकी निशानदेही पर अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लूट की शेष राशि भी बरामद कर ली जाएगी।
जदिया थानाध्यक्ष राज किशोर मंडल ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस इस वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शने के मूड में नहीं है और जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

