home page

48 घंटे बाद बीएसएनएल टावर से सुरक्षित उतारा गया युवक, रेस्क्यू अभियान सफल

 | 
48 घंटे बाद बीएसएनएल टावर से सुरक्षित उतारा गया युवक, रेस्क्यू अभियान सफल


छिदवाड़ा, 8 जुलाई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के छिदवाड़ा जिले के पांढुर्णा जिला मुख्यालय स्थित करीब 300 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़े एक अज्ञात युवक को प्रशासन ने लगभग 48 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद बुधवार को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान पुलिस, प्रशासन और विशेष रेस्क्यू टीम ने लगातार प्रयास किए।

प्रशासन के अनुसार पहले दिन स्थानीय स्तर पर युवक को नीचे उतारने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दूसरे दिन छिंदवाड़ा से विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम के सदस्यों ने टावर पर चढ़कर युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने टावर की लोहे की रॉड निकालकर उन पर हमला करने की कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए अभियान रोकना पड़ा।

बाद में रेस्क्यू टीम ने दोबारा रणनीति बनाकर अभियान शुरू किया। छिंदवाड़ा से आए दो सदस्यों ने साहसपूर्वक टावर पर चढ़कर युवक को नियंत्रित किया। इसके बाद स्थानीय संदीप खुरसंगे, पुलिसकर्मी नितेश रघुवंशी और पुष्पेंद्र राजपूत भी टावर पर पहुंचे तथा संयुक्त प्रयास से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

पूरे अभियान के दौरान तहसीलदार प्रेक्षा पाठक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिकमन प्रसाद और थाना प्रभारी अमित दानी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे।

युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। इसके बाद उसे आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan