home page

महिला की हत्या में दो सगे भाई गिरफ्तार, गए जेल

 | 
महिला की हत्या में दो सगे भाई गिरफ्तार, गए जेल


मुरादाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद के भोजपुर थानाक्षेत्र के बीजना में बुधवार की दोपहर होली खेलने के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो सगे आरोपित भाइयों को गिरफ्तार किया है। देर शाम पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

भोजपुर के बीजना निवासी मुकुट सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें उसने बताया कि चार दिन पहले बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे गांव में होली खेली जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी जागन सिंह के परिवार के बच्चों से हमारे परिवार के बच्चों में कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि जागन सिंह, उनके बेटे राजीव और रिंकू के साथ लाठी-डंडे लेकर गया और उसने हमारे परिवार के लोगों पर हमला कर दिया था।

इस दौरान आरोपितों ने पथराव भी किया था। इस घटना में मुकुट सिंह के पिता रामकिशोर, मां लक्ष्मी देवी और बहन किरण गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इस दौरान लक्ष्मी की मौत हो गई थी।

पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपित राजीव और उसके भाई मुनीश को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार देर शाम दोनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल