भपटियाही पुलिस की कार्रवाई, कोर्ट वारंटी समेत दो आरोपी गिरफ्तार
सुपौल, 15 जून (हि.स.)। जिले में पटियाही थाना पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इनमें एक आरोपी कोर्ट से जारी वारंट के मामले में फरार चल रहा था, जबकि दूसरा एक आपराधिक कांड में नामजद था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि झिल्लाडुमरी वार्ड संख्या-11 निवासी मोहम्मद समिल लंबे समय से कोर्ट वारंट के मामले में फरार था। उसके ठिकाने की विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई में करजाइन थाना क्षेत्र के नरपतपट्टी निवासी सिकेन्द्र मुखिया को कोढली इलाके से दबोचा गया। सिकेन्द्र एक थाना कांड में नामजद आरोपी बताया गया है और पुलिस को उसकी तलाश थी।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूचना का सत्यापन करने के बाद विशेष टीम गठित की गई थी। योजनाबद्ध तरीके से की गई छापेमारी में दोनों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर भपटियाही थाना लाया गया, जहां प्रारंभिक पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

