फसल जोतने के विरोध में तलवार और भाले से हमले में दो आरोपित गिरफ्तार
मुरादाबाद, 10 जून (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना कटघर क्षेत्र के देवापुर में गन्ने की फसल को ट्रैक्टर से जोतने के विरोध में किसान पर आरोपियों ने तलवार और भाले से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपितों ने फायरिंग भी की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपितों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।
कटघर के देवापुर निवासी आशे अली ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि देवापुर निवासी एजाद उनसे रंजिश रंजिश रखता है। बीती 06 जून की दोपहर करीब तीन बजे एजाद अपने भाइयों और बेटों के साथ आशे अली के खेत में खड़ी गन्ने की फसल में ट्रैक्टर चलाकर जोत दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने तलवार और भाला से आशे अली और उसके परिवार वालों पर हमला किया। आरोप है कि इसके बाद फायरिंग भी की। पुलिस ने आरोपित एजाद अली, उसके भाई गुफरान व साउद, बेटे फुरकान, अरमान, फरमान व फैसल समेत सात के खिलाफ जानलेवा हमला करने में रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले में बुधवार काे एजाद अली और उसके भाई साउद को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तलवार और एक भाला बरामद किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

