home page

साइबर ठगाें ने लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड देने का झांसा देकर खाते से उड़ाए 2.35 लाख

 | 
साइबर ठगाें ने लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड देने का झांसा देकर खाते से उड़ाए 2.35 लाख


मुरादाबाद, 01 अगस्त (हि.स.)। जनपद में सक्रिय साइबर ठगों ने एक युवक को लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड देने का झांसा देकर उसके खाते से 2.35 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने इस मामले में सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चंद्रनगर निवासी पंकज अरोड़ा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीती 11 अगस्त की दोपहर करीब 1:50 बजे वह लैपटॉप से एचएसबीसी का क्रेडिट कार्ड लेने के लिए आवेदन कर रहे थे। थोड़ी देर बाद उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह एक लिंक भेज रहा है, उस पर क्लिक कर कार्ड के लिए फार्म भर दें। युवक ने बगैर सोचे समझे लिंक खोलकर फार्म भर दिया। इसके बाद अपने दूसरे बैंक के क्रेडिट कार्ड का नंबर डाला तो वह गलत बताने लगा। कुछ ही देर में उसका फोन हैक हो गया। इसके बाद उसके खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। इसके बाद युवक को साइबर ठगी का शक हुआ। युवक ने अपने दूसरे बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद कराने की कोशिश की, लेकिन साइबर ठगों ने तब तक खातों से 2 लाख 35 हजार 593 रुपये पार कर दिए। युवक घटना की सूचना तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल पर दी। इसके बाद बाद थाने में तहरीर देकर घटना से अवगत कराया।

थाना सिविल लाइन प्रभारी हरीश वर्धन ने बताया कि मामले में सोमवार को ठगी के मामले में आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही हैं, जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल