सारण में आवाज दो अभियान के तहत 19 नाबालिग लड़कियां मुक्त, चार गिरफ्तार
सारण, 12 मई (हि.स.)। पुलिस ने महिलाओं और बच्चों के शोषण के विरुद्ध चलाए जा रहे आवाज दो अभियान के अंतर्गत एक सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित आर्केस्ट्रा केंद्रों पर छापेमारी कर जबरन नृत्य कार्य में संलिप्त 19 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कमजोर वर्ग एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के आलोक में की गई। इस विशेष टीम में ए.एच.टी.यू. प्रभारी विशाल आनंद, महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी के साथ मिशन मुक्ति फाउंडेशन के निदेशक वीरेंद्र कुमार सिंह और रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली के अधिकारी शामिल थे। टीम ने जिले के परसा, भेल्दी, मढ़ौरा और दरियापुर थाना क्षेत्रों में स्थित आर्केस्ट्रा स्थलों की घेराबंदी कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
मुक्त कराई गई लड़कियों में पश्चिम बंगाल की छह, छत्तीसगढ़ की पांच, गुवाहाटी की चार, बिहार की दो, उत्तर प्रदेश की एक और कोलकाता की एक लड़की शामिल है। इन सभी को प्रताड़ित कर जबरन आर्केस्ट्रा में नचाया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में चार अभियुक्तों शैलेश राय, पंच लाल, आलोक कुमार और नामता डेकर को गिरफ्तार किया है। इनके विरुद्ध महिला थाना में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट, जेजे एक्ट और बंधुआ मजदूर अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी महिलाओं का शोषण हो रहा हो तो हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर तुरंत सूचना दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

