home page

सारण पुलिस के विशेष अभियान में 19 अभियुक्त गिरफ्तार

 | 

सारण, 03 जून (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की धरपकड़ और शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया।

पिछले 24 घंटों में की गई इस त्वरित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में संलिप्त कुल 19 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से चार को शराब का सेवन करने और एक आरोपी सुमित कुमार, दिघवारा को शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

इसके अतिरिक्त, न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर दो महिला अभियुक्तों सहित कुल दस वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं हत्या के प्रयास के मामलों में वांछित 3 आरोपियों अनिष मिश्रा, अमलेश महतो और नंदलाल राय को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने सघन छापेमारी कर कुल 556.95 लीटर अवैध शराब बरामद की, जिसमें 89 लीटर देशी और 467.95 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसके अलावा, कार्रवाई में एक चार पहिया वाहन, एक नाव और एक अपहृता को भी सकुशल बरामद किया गया है। दूसरी ओर, यातायात सुरक्षा और वाहन चेकिंग के दौरान 13 वाहनों से कुल 29,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। सारण पुलिस ने दोहराया है कि जिले में शांति व्यवस्था और अपराध नियंत्रण हेतु ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार