188 एमएल नशीले इंजेक्शन के साथ मधेपुरा के दो तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सुपौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 188 एमएल अवैध नशीले इंजेक्शन के साथ मधेपुरा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपी मधेपुरा जिले के भान टेकरी वार्ड नंबर-10 के रहने वाले हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बुधवार, 25 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुपौल पुलिस जिले में अवैध मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत मंगलवार, 24 नवंबर को सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली कि कीर्तन भवन से वीणा जाने वाली सड़क पर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सुपौल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए संबंधित सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दोनों युवकों की विधिवत तलाशी ली।
तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से कुल 188 एमएल अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही नशीले इंजेक्शन की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के भान टेकरी वार्ड नंबर-10 निवासी दिलवर कुमार (21 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामचंद्र मंडल तथा रौशन कुमार (21 वर्ष), पिता शिवचंद्र मंडल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मधेपुरा जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशीले इंजेक्शन के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था। इसके लिए बरामद सामग्री के आधार पर तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा इस मामले में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेजक भी पता लगाया जा रहा है, ताकि नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े सप्लायर और खरीददारों तक पहुंचा जा सके।
इस मामले में सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। बरामदगी में 188 एमएल नशीले इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

