home page

180 लीटर नेपाली शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बाइक व तीन मोबाइल जब्त

 | 

सुपौल, 21 सितंबर (हि.स.)। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 लीटर नेपाली शराब के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर को रतनपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि नरपतपट्टी वार्ड संख्या-06 स्थित कोसी तटबंध पर तीन व्यक्तियों द्वारा नेपाली शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वीरपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

गठित टीम ने नरपतपट्टी वार्ड संख्या-06 स्थित कोसी तटबंध पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तीनों व्यक्ति मोटरसाइकिल व अन्य सामान छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें सशस्त्र बल के सहयोग से मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान 180 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। शराब के परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नरपतपट्टी वार्ड संख्या-06 निवासी विशाल यादव (22), पिता अक्षयलाल यादव, जयकृष्ण रजक (19), पिता स्व. शिवनारायण रजक तथा अर्जुन कुमार (22), पिता सत्यदेव रजक के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर शराब के स्रोत, आपूर्ति और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्राप्त सूचना के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में रतनपुर थाना में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बरामदगी: 180 लीटर नेपाली शराब, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र