home page

सवाई माधोपुर में 18 वर्षीय युवक का अपहरण कर हत्या

 | 
सवाई माधोपुर में 18 वर्षीय युवक का अपहरण कर हत्या


सवाई माधोपुर, 09 मई (हि.स.)। जिले के कुंडेरा थाना क्षेत्र के उलियाना गांव में 18 वर्षीय युवक मनकुश मीणा के अपहरण के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ युवक शुक्रवार शाम उसे घर से जबरन थार गाड़ी में उठाकर ले गए और बाद में उसकी हत्या कर शव गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर सेलू चौराहे के आगे खाट का नाला क्षेत्र में पेड़ के पास फेंक दिया।

शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे मनकुश का शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। मृतक के ताऊ भरतलाल मीणा के अनुसार शुक्रवार को परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे और घर पर मनकुश अपनी बहन के साथ मौजूद था। इसी दौरान गांव के सुरेंद्र, जितेंद्र, अंकित, अमित, भीम सिंह, प्रभुलाल और कमलेश बिना नंबर की थार गाड़ी में घर पहुंचे। मोबाइल लेने की बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपिताें ने मनकुश का अपहरण कर लिया।

परिजन रात में घर लौटे तो घटना की जानकारी मिली। युवक का मोबाइल बंद मिलने पर परिवार ने तुरंत कुंडेरा थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान मनकुश मीणा के रूप में की गई।

परिजनों का आरोप है कि शव पर चोट के कई निशान थे और शरीर से शर्ट तक गायब थी, जिससे हत्या से पहले मारपीट की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सवाई माधोपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सीओ सिटी उदय सिंह मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मोबाइल विवाद के अलावा ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े विवाद की भी संभावना सामने आई है।

पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। नामजद आरोपिताें के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जबकि सभी आरोपित फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।

मनकुश अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी चार बहनों में से तीन की शादी हो चुकी है, जबकि एक छोटी बहन अविवाहित है। युवक की हत्या से परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस आरोपिताें की तलाश में दबिश दे रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित