पद्मश्री पंडिराम के घर से हुई 17 मूर्ति चोरी में से 12 बरामद, एक आरोपित गिरफ्तार दूसरा फरार
नारायणपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। बस्तर की पारंपरिक कला और संस्कृति को देश दुनिया में पहचान दिलाने वाले मूर्तिकार पद्मश्री पंडिराम मांडवी की कलाकृतियां उनके घर से चोरी हाे गई थी। नारायणपुर पुलिस ने आज मंगलवार काे इस चोरी का खुलासा करते हुए चोरी की गई 17 कलाकृतियों में से 12 को बरामद कर इस चाेरी के एक आरोपित अनिल विश्वकर्मा निवासी कोंडागांव को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी फरार है।
नारायणपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 अगस्त की देर रात गढ़बेंगाल स्थित पंडिराम मांडवी की कार्यशाला में रखी कई लकड़ी की कलाकृतियां चोरी हुई थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में जांच टीम गठित की गई। नारायणपुर थाना प्रभारी विनीत दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी हुई कलाकृतियों और आरोपिताें की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई कलाकृतियों में से कुछ को बेचने की कोशिश की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने कोंडागांव जिले के नरहरपारा में दबिश देकर आरोपित अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई 12 लकड़ी की कलाकृतियां बरामद की गई हैं। बरामद कलाकृतियों में भगवान श्रीगणेश की एक मूर्ति और राधा-कृष्ण की एक मूर्ति भी शामिल है। इसके अलावा अन्य कलाकृतियां बस्तर की पारंपरिक कला शैली से जुड़ी हुई हैं।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपित अनिल विश्वकर्मा को मूर्तिकला का पूर्व अनुभव रहा है और उसने पद्मश्री पंडिराम मांडवी के पास रहकर मूर्तिकला का कौशल भी सीखा था। पुलिस को आशंका है कि इसी वजह से आरोपित को कार्यशाला में रखी कलाकृतियों और उनकी जानकारी पहले से थी। बताया जा रहा है कि आरोपित अनिल विश्वकर्मा पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इन दुर्लभ कलाकृतियों को बेचने की योजना किस तरह बनाई गई थी,और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में एक अन्य आरोपित फिलहाल फरार है। पुलिस को आशंका है कि चोरी की बाकी 5 कलाकृतियां फरार आरोपित के कब्जे में हो सकती हैं। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
नारायणपुरएएसपी ऐश्वर्य चंद्राकर ने बताया कि पद्मश्री पंडिराम मांडवी की कार्यशाला से चोरी हुई 17 लकड़ी की कलाकृतियों में से 12 की बरामदगी के साथ पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि अभी 5 कलाकृतियां और एक आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस फरार आरोपित की तलाश के साथ-साथ चोरी की पूरी साजिश, कलाकृतियों को बेचने की योजना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

